नई दिल्ली (एएनआई)। आप नेता आतिशी मार्लेना दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। वहीं आतिशी ने इस मौके पर कहा कि वर्तमान सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से खुश हैं, लेकिन इस बात से दुखी भी हैं कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आतिशी ने संवाददाताओं से कहा कि वह अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि किसी अन्य पार्टी में यह संभव नहीं होता कि कोई पहली बार राजनीति में आया व्यक्ति मुख्यमंत्री बन जाए। मैं एक साधारण परिवार से आती हूं। अगर मैं किसी और पार्टी में होती, तो शायद मुझे चुनाव का टिकट भी नहीं मिलता।

आतिशी की ये है क्वालीफिकेशन

43 वर्षीय आतिशी एक प्रमुख आप नेता हैं और मनीष सिसोदिया के शिक्षा मंत्री रहते हुए उनकी सलाहकार के रूप में काम कर चुकी हैं। आप नेताओं ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में सरकारी स्कूलों में शिक्षा की स्थिति को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आतिशी ने नई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज में हिस्ट्री की पढ़ाई की, जहां उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में पहली रैंक हासिल की और शेवनिंग स्कालरशिप पर मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी चली गईं। कुछ साल बाद उन्होंने एजूकेशन रिसर्च में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।

एक छोटे से गांव में सात साल बिताए

आतिशी ने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में सात साल बिताए, जहां वह जैविक खेती और प्रगतिशील शिक्षा प्रणालियों से जुड़ीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ काम किया। आतिशी आप की स्थापना के समय ही इसमें शामिल हो गई थीं और 2013 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की घोषणापत्र मसौदा समिति की प्रमुख सदस्य थीं। उन्होंने पार्टी प्रवक्ता के रूप में भी काम किया है। वह दिल्ली विधानसभा में कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं और दिल्ली सरकार में सबसे अधिक विभागों का कार्यभार संभालती हैं। आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप के सामने आई मुश्किलों को देखते हुए मार्च 2023 में आतिशी को दिल्ली कैबिनेट में नियुक्त किया गया था।

National News inextlive from India News Desk